शिवपुरी। शिवपुरी बस यूनियन समस्त बस ऑपरेटरों ने प्रदेश सरकार की नई परिवहन नीति के विरोध में बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। यूनियन ने स्टेज कैरिज बसों के संचालन से संबंधित 24 दिसंबर 2025 की परिवहन नीति को दमनकारी बताते हुए इसके खिलाफ 2 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की सूचना दी है।
इस संबंध में शिवपुरी बस यूनियन कार्यालय, पोहरी बस स्टैंड से एक औपचारिक पत्र जारी कर माननीय मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, मुख्य सचिव, परिवहन सचिव एवं परिवहन आयुक्त को अवगत कराया गया है। यह पत्र कलेक्टर, जिला शिवपुरी के माध्यम से भेजा गया है।
यूनियन द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि दिनांक 21 फरवरी 2026 को सागर में मध्य प्रदेश के समस्त बस मालिकों एवं बस संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में सर्वसम्मति से यह निष्कर्ष निकला कि 24.12.2025 की प्रस्तावित परिवहन नीति से प्रदेश भर के बस मालिक आहत हैं और इससे उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित होगा।
बस ऑपरेटरों का कहना है कि इस नीति के चलते न केवल आर्थिक बोझ बढ़ेगा, बल्कि छोटे और मध्यम बस संचालकों के लिए संचालन करना भी मुश्किल हो जाएगा। यूनियन का आरोप है कि इस संबंध में वे कई बार संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
बस यूनियन की प्रमुख मांगें
24 दिसंबर 2025 को राजपत्र में प्रकाशित नियमों के संशोधन के प्रारूप को पूर्णतः वापस लिया जाए।29 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित मोटरयान कर के संशोधन को पूरी तरह समाप्त किया जाए।वर्तमान में जिस व्यवस्था के तहत बसों का संचालन किया जा रहा है, उसे यथावत रखा जाए।यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 2 मार्च 2026 से मध्य प्रदेश के समस्त बस व्यवसायी बस संचालन बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
बस यूनियन ने यह भी कहा है कि हड़ताल के कारण आम जनता को होने वाली असुविधा की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी।
अब देखना यह होगा कि मध्य प्रदेश शासन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है, क्योंकि हड़ताल की स्थिति में शिवपुरी सहित पूरे प्रदेश में यात्री परिवहन व्यवस्था पूरी तरह ठप हो सकती है।













