शिवपुरी: करैरा पुलिस ने अप० क्र0 558/25 में शिकायतकर्ता का वीडियो बनाकर झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने के आरोप में फरार चल रहे दो आरोपियों नरेश यादव और उषा यादव को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया है।
यह मामला 25 जुलाई 2025 को तब सामने आया जब फरियादी संतोष शर्मा पुत्र स्व. गौरीशंकर शर्मा, निवासी ग्राम खनियाधाना, थाना खनियाधाना ने करैरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। संतोष शर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि ज्योति यादव निवासी करैरा ने उनका वीडियो बनाकर उसे वायरल करने, जान से मारने और झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। इस धमकी के बदले में आरोपियों ने उनसे दो सोने की अंगूठी, एक गले की चेन और ₹2 लाख 48 हजार नकद ले लिए।
उक्त रिपोर्ट के आधार पर आरोपी ज्योति यादव, उषा यादव, सुंदर यादव, नरेश यादव (सभी निवासी करैरा) और दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अप० क्र0 558/25 धारा 127(2), 296, 308(5), 308(6), 3(5) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में, अति० पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और श्रीमान एस.डी.ओ.पी. शिवनारायण मुकाती के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। दिनांक 26 जुलाई 2025 को पुलिस ने दो महिला आरोपियों सहित एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार किया था।
आज, 27 जुलाई 2025 को, पुलिस ने दो अन्य मुख्य आरोपियों, नरेश यादव (64 वर्ष) पुत्र सूरज सिंह यादव, निवासी करैरा और उषा यादव (60 वर्ष) पत्नी नरेश यादव, निवासी करैरा को भी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
इस पूरे अभियान में थाना प्रभारी निरी० विनोद सिंह छावई, उनि रामानंद पचौरी, आर० राधे जादौन, आर० देवेंद्र मांझी, आर० सुरेन्द्र रावत, आर० मत्स्येन्द्र गुर्जर, महिला आर० देवकी पाल और म०आर० नीलम परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।