शिवपुरी। जिले में बदमाशों ने एक किसान की खड़ी मक्का की फसल को काटकर नष्ट कर दिया। यह घटना रन्नौद थाना क्षेत्र के लगदा गांव में हुई, जहाँ किसान बबलू लोधी की दो बीघा में लगी मक्का की फसल को रात के अँधेरे में अज्ञात लोगों ने काट दिया।
किसान बबलू लोधी ने बताया कि उन्होंने दो अलग-अलग खेतों में कुल 10 बीघा में मक्का की फसल बोई थी। पिछले कुछ दिनों से फसल के कुछ हिस्सों को अज्ञात लोग नुकसान पहुँचा रहे थे। गुरुवार रात को बदमाशों ने उनकी दो बीघा की पूरी फसल काट दी, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। बबलू ने कहा कि उनका किसी से कोई विवाद या रंजिश नहीं है।
इस घटना से परेशान होकर किसान बबलू लोधी ने रन्नौद थाने में शिकायत दर्ज कराई है। रन्नौद टीआई अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि किसान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दोषियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने पीड़ित किसान को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।