Home Editor's Pick अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, वन विभाग जांच में...

अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, वन विभाग जांच में जुटा

शिवपुरी। शिवपुरी-गुना मार्ग पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक तेंदुए की मौत हो गई। यह घटना शिवपुरी के बड़ौदी क्षेत्र में फॉरेस्ट चौकी के पास थीम रोड पर एक रिहायशी इलाके में हुई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए तेंदुए ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन चालक घटना के बाद फरार हो गया।
डीएफओ सुधांशु यादव ने बताया कि मृत तेंदुआ लगभग 3-4 वर्ष का नर था। प्रारंभिक जांच में उसके सिर में गंभीर चोट पाई गई है, जिसे मौत का प्राथमिक कारण माना जा रहा है। मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। वन विभाग अब घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
यह घटना स्थल माधव टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, माधव टाइगर रिजर्व में सात बाघों की बढ़ती सक्रियता के कारण तेंदुए जंगल के बजाय अक्सर किनारी इलाकों में आ जाते हैं। पिछले कुछ समय से नोन कोल्हू की पुलिया, चिंकारा होटल और फॉरेस्ट चौकी क्षेत्र में तेंदुओं के दिखने की कई घटनाएं सामने आई थीं।
शुक्रवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे मृत तेंदुए को देखा और तत्काल वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही फॉरेस्ट अमला और डीएफओ मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया है।